एसीबी की गिरफ्त में आरोपी रामेश्वर सिंह जाटव।
- फोटो : सोशल मीडिया
एसीबी मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर अलवर-सेकेंड यूनिट ने बुधवार को पीडब्ल्यूडी के सुप्रींटेंडेंट इंजीनियर (SE) क्वालिटी कंट्रोल मुख्यालय अलवर रामेश्वर सिंह जाटव को परिवादी से 6 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अतिरिक्त महानिदेशक हेमन्त प्रियदर्शी बताया कि एसीबी की अलवर द्वितीय इकाई को परिवादी की ओर से शिकायत दी गई कि उसकी फर्म द्वारा करवाए गए विभिन्न निर्माण कार्यों के बकाया बिलों के भुगतान के लिए सभी निर्माण कार्यों की क्वालिटी संबंधी रिपोर्ट सही देने की एवज में रामेश्वर सिंह जाटव 15 लाख रुपए रिश्वत मांग कर परेशान कर रहा है।
2 लाख असली और 4 लाख की डमी करेंसी के साथ रंगेहाथों गिरफ्तार किया
शिकायत मिलने पर एसीबी के जयपुर में DIG पुलिस कालूराम रावत के सुपरविजन में एसीबी की अलवर-द्वितीय इकाई के उप अधीक्षक पुलिस परमेश्वर लाल ने शिकायत का वेरिफिकेशन किया। शिकायत सही पाए जाने पर बुधबार को टीम के साथ ट्रैप कार्यवाही करते हुए SE रामेश्वर सिंह जाटव पुत्र बदन लाल निवासी मुडिया, तहसील नगर, जिला भरतपुर को परिवादी से 6 लाख रुपए (2 लाख रुपए भारतीय मुद्रा और 4 लाख डमी करेंसी) की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
2.50 लाख शिकायत से पहले और 1.50 लाख वेरिफिकेशन के दौरान वसूले
आरोपी अधीक्षण अभियंता ने शिकायत से पहले ही 2 लाख 50 हजार रुपए और शिकायत के वेरिफिकेशन के दौरान 1 लाख 50 हजार रुपए परिवादी से रिश्वत के रूप में वसूल कर लिए थे। एसीबी के महानिरीक्षक पुलिस सवाई सिंह गोदारा के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी की ओर से मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में केस दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।