अमेरिकन वेरिएंट 104 गुना तेजी से फैलता है
कोरोना के इस अमेरिकन वेरिएंट को अब तक का सबसे तेज फैलने वाला वैरिएंट बताया जा रहा है। इसके फैलने की स्पीड पिछले वेरिएंट की तुलना में 104 गुना ज्यादा बताई जा रही है। मेडिकल कॉलेज की माइक्रो बायोलॉजी की एचओडी डॉ. भारती मल्होत्रा ने बताया कि संक्रमित मरीज जयपुर के सोडाला इलाके का रहने वाला है। वह दिसंबर लास्ट वीक में जांच के लिए हमारी लैब में आया था। जिसकी जांच रिपोर्ट में इस नए वैरियंट की पुष्टि हुई है।
मरीज की हिस्ट्री और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग जारी
जयपुर सीएमएचओ ऑफिस टीम ने मरीज की हिस्ट्री और उसके सम्पर्क में आने लोगों की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। जानकारी के मुताबिक मरीज को शुरूआती 4 दिन बुखार रहा था, उसके बाद से ज्यादा सिम्पटम नजर नहीं आ रहे हैं। मरीज 21 साल का है। वह सोडाला इलाके का रहने वाला है। वह अमेरिका से ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहा है। 19 दिसंबर 2022 को अमेरिका से दिल्ली आया और फिर जयपुर पहुंचा। 23 दिसंबर को बुखार होने पर युवक ने डॉक्टर से परामर्श लेकर कोविड जांच करवाई, तो वह पॉजिटिव मिला। पॉजिटिव मिलने पर ऑनलाइन एक प्राइवेट हॉस्पिटल के डॉक्टर से कंसल्टेशन लेकर दवाईयां लीं और ठीक भी हो गया।
जयपुर एयरपोर्ट पर हो रही मरीजों की जांच।
- फोटो : अमर उजाला
परिवार के लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव
आज जयपुर सीएमएचओ-1 की टीम युवक के घर पहुंची, तो केयर टेकर ने बताया परिवार के लोग किसी प्रोग्राम में शामिल होने बाहर गए है। फोन पर बात करने पर परिवार के सदस्यों ने टीम को बताया कि सभी सदस्यों की जांच करवा ली है। सभी की जांच रिपोर्ट नेगेटिव है।
जयपुर में आज 8 कोरोना संक्रमित मरीज मिले
जयपुर में बुधवार को कोरोना के 8 संक्रमित मरीज मिले हैं। जिनमें बस्सी से 2, झोटवाड़ा से 2, करतारपुरा से 1, एमआई रोड से 1, महेश नगर से 1 और मानसरोवर से 1 पॉजिटिव केस मिला है। यह वेरिएंट चाइना, अमेरिका, साउथ कोरिया, जापान समेत दुनिया के कई देशों में कोविड का तेजी से प्रकोप फैला रहा है। मंगलवार को 15 पॉजिटिव केस जयपुर में मिले थे। राजस्थान के बाकी किसी जिले में कोविड केस नहीं मिला। प्रदेश में फिलहाल कुल 60 मरीज कोविड के एक्टिव केस हैं।