पाली जिले के सुमेरपुर थाना पुलिस ने राजस्थान और गुजरात के कई जिलों में चोरी, नकबजनी और वाहन चोरी की 36 से अधिक वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में उपयोग ली गई बाइक और चोरी का माल बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपी सिरोही जिले के पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र स्थित हिंगोलिया फली मालप निवासी किशनलाल और बारला ओडा निवासी सुरेश उर्फ सूसा हैं। दोनों आरोपी पिंडवाड़ा थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों मजदूरी का काम करते हैं और अपने शौक पूरे करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
एक चोरी की शिकायत से खुला बड़ा राज
मामले का खुलासा 23 अगस्त को हुई चोरी की वारदात से हुआ। सुमेरपुर के हिंगोला हाल शांति नगर निवासी 50 वर्षीय शेरसिंह ने 24 अगस्त को अपने मकान में चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होने के बाद सुमेरपुर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने संदेह के आधार पर दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने सुमेरपुर में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल बाइक और चोरी का माल बरामद किया।
यह भी पढ़ें:
राजस्थान से मानसून विदा: 22 फीसदी कम बारिश ने बढ़ाई चिंता; 11 से ज्यादा जिलों में सूखे के हालात
पूछताछ में खुला राजस्थान-गुजरात नेटवर्क
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने राजस्थान और गुजरात के कई जिलों में चोरी, नकबजनी और वाहन चोरी की 36 से ज्यादा वारदातें करना कबूल किया है। दोनों ने पाली, राजसमंद, सिरोही और उदयपुर सहित गुजरात के विभिन्न क्षेत्रों में वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में चोरी की कुछ और घटनाओं का खुलासा हो सकता है।