सवाई माधोपुर में तस्कर गिरफ्तार
- फोटो : Amar Ujala Digital
सवाई माधोपुर में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 322 ग्राम मादक पदार्थ स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की कीमत 30 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी जतीराम उर्फ जती पुत्र धर्म सिंह उम्र 28 साल निवासी बिदरख्या पुलिस थाना सदर गंगापुर सिटी को गिरफ्तार किया है। सवाई माधोपुर एसपी सुनील कुमार विश्नोई ने बताया कि मादक पदार्थ की तस्करी में लिप्त मुख्य तस्करों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत थानाधिकारी शैतान सिंह और पुलिस जाप्ता थाना उदई मोड़ ने मुख्य तस्कर जती राम उर्फ जती को गिरफ्तार किया है। पुलिस तस्कर से मादक पदार्थ स्मैक की खरीद किन-किन व्यक्तियों से की गई है, इसके बारे में गहनता से पूछताछ कर रही है।
एसपी विश्नोई ने बताया कि शुक्रवार को गद्दी मिर्जापुर रोड श्मशान घाट के पास थाना उदई मोड़ टीम द्वारा नाकाबन्दी की जा रही थी। इस दौरान मोटर साइकिल सवार जती राम उर्फ जती पर संदेह होने पर तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 322 अवैध स्मैक बरामद की गई। प्रकरण का अग्रिम अनुसंधान थानाधिकारी पिलोदा मुकेश कुमार मीणा को सौंपा गया है।