सिरोही जिले के पालडीएम थाना क्षेत्र में रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। एक अनियंत्रित ट्रेलर ने दो कार और एक ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। वहीं पांच लोग गंभीर घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार एक ट्रेलर शिवगंज से सिरोही की तरफ आ रहा था। अचानक से ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर को तोड़ते हुए सड़क पार पहुंच गया। जिसके बाद ट्रेलर ने दो कार और एक ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद सिरोही अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। दुर्घटना में छह महीने के एक मासूम की भी मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए।