30 से ज्यादा दुकानों में आगजनी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शनिवार शाम को भड़की हिंसा में उपद्रवियों ने 30 से ज्यादा दुकानों को आग के हवाले कर दिया। फूटकोट चौराहे पर एक मकान में भी आग लगाने की जानकारी सामने आई है। इसी तरह ठेले और बाइकों में तोड़फोड़ कर उनमें भी आग लगा दी गई। पुलिस प्रशासन आगजनी, लोगों की गिरफ्तारी और नुकसान की जानकारी देने से बच रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हर हाल में हमारा प्रयास हालात सामान्य करने का है।
46 उपद्रवियों को पुलिस ने हिरासत में लिया
जानकारी के अनुसार पुलिस ने पहचान कर 46 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर हिंसा भड़काने वाले अन्य उपद्रवियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि मामले में अभी और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। उधर, शनिवार देर रात 12 बजे प्रशासन ने दोनों समुदाय के वरिष्ठ लोगों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्हें समझाइश देकर शांति बनाए रखने के लिए कहा गया है। बताया जा रहा है कि आज देर शाम तक एक बार फिर बैठक की जा सकती है।
पुलिस कर रही फ्लैग मार्च
शहर के हालात सामान्य करने के लिए पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। शहर जगह-जगह 600 से ज्यादा पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। संवेदनशील इलाके में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च किया जा रहा है। लोगों को शांति बनाए रखने और घरों में रहने की हिदायत दी जा रही है।
मेडिकल स्टोर खोलने की छूट
शहर में चार मार्च तक कर्फ्यू लगाया गया है। इस दौरान सिर्फ मेडिकल स्टोर खोलने की धूट दी गई है। इससे लोगों को अन्य जरूरी सामान के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है। सुबह लोगों को दूध सहित अन्य जरूरी चीजें भी नहीं मिल पाईं।
कैलादेवी आने वाले श्रद्धालुओं पर रोक नहीं
नवरात्र के मौके पर कैलादेवी पर मेला लगाता है। इस दौरान प्रदेश के जिलों सहित अन्य राज्यों से भी लोग दर्शन करने के लिए आते हैं। प्रशासन ने भक्तों के आने पर रोक नहीं लगाई है। उनकी सुरक्षा के लिए जगह-जगह पुलिस जवानों को तैनात किया है। हालांकि हिंसा के कारण यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कम रह सकती है।