सिरोही जिले के आबूरोड शहर में मानपुर-ऋषिकेश रोड पर उमरनी में बुधवार दोपहर स्कूल बस की टक्कर से एक्टिवा सवार ननद-भाभी की मौत हो गई। जबकि एक अन्य महिला घायल हो गई। ये अपने घर से ऋषिकेश मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। लेकिन बीच राह में ही यह हादसा हो गया।
इससे आक्रोशित लोगों ने सड़क पर कांटे एवं पत्थर डालकर अवरूद्ध कर दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आबूरोड शहर पुलिस थानाधिकारी बंशीलाल, आबूरोड सदर पुलिस थानाधिकारी राजीव भादू, हेड कांस्टेबल विनोद एवं हेमंत कुमार अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे तथा 108 एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद कमलेश पत्नी दिनेश सैनी की भी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद दोनों शवों को परिजनों को सौप दिया गया। जहां पर शाम को गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इस मामले में लुनियापुरा, आबूरोड निवासी सुनिता पत्नी महेन्द्र सैनी ने रिपोर्ट देकर बताया कि बुधवार दोपहर को वह अपनी बेटी अंशु सैनी एवं बहु कमलेश देवी के साथ दोपहर करीब सवा बारह बजे एक्टिवा से ऋषिकेश मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। एक्टिवा उसकी बेटी अंशु चला रही थी एवं वे पीछे बैठे हुए थे। वे लोग जब उमरनी के आस-पास पहुंचे तो सामने से आ रही रॉयल राजस्थान पब्लिक स्कूल की बस के चालक ने तेज गति एवं लापरवाही से चलाते हुए एक्टिवा को टक्कर मार दी। इससे अंजू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वे दोनों घायल हो गए। इस मामले में बस को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया गया है। इसके साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी गई है।