सांसद लुंबाराम चौधरी ने विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धनसिंह से मुलाकात की।
- फोटो : अमर उजाला
सिरोही-जालौर सांसद लुंबाराम चौधरी ने गुरुवार को विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धनसिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भीनमाल के व्यक्ति का चीन में अपहरण कर हत्या करने के मामले की जानकारी देते हुए मृतक का शव भारत लाने की मांग की गई।
भाजपा संभाग सह मीडिया प्रभारी चिराग रावल ने बताया कि इस मामले में भीनमाल निवासी पीड़ित परिवार द्वारा सांसद चौधरी से मुलाकात कर बताया था कि सतीश कुमार माली पुत्र नरसाराम जो अपने मोबाइल के कारोबार के चलते भारत से चाइना आते-जाते रहते थे।
बुधवार को उनके परिवार को खबर मिली की उनके पुत्र को किसी ने अपहरण कर उसकी हत्या कर दी है। पीड़ित परिवार ने अपने बेटे का शव भारत लाने की मांग की थी। इस पर सांसद चौधरी ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित परिवार के साथ विदेश मंत्रालय पहुंचकर केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्तीवर्धन सिंह से मुलाकात की। पूरे प्रकरण की जानकारी देकर पीड़ित परिवार की मंशा के अनुरूप मृतक का शव भारत लाने की मांग की। मंत्री द्वारा चीन सरकार से संपर्क कर मृतक का शव भारत भिजवाने का आग्रह किया गया है।