सिरोही में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
- फोटो : अमर उजाला
सिरोही जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन, पुलिस और खनन विभाग ने संयुक्त रूप से दो दिवसीय अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान 1345 मीट्रिक टन बजरी का अवैध स्टॉक जब्त किया गया, साथ ही विभिन्न प्रकार के 10 वाहनों को कब्जे में लिया गया। मामले में 7 एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है।
कलेक्टर और एसपी के निर्देशन में चला अभियान
यह अभियान जिला कलेक्टर रोहिताश्वसिंह तोमर और पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्रसिंह राठौड़ के सुपरविजन में संचालित किया गया। पहले दिन रेवदर तहसील के निम्बोड़ा ग्राम में उपखंड अधिकारी, रेवदर थाना पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध बजरी का स्टॉक जब्त किया और एफआईआर दर्ज की।
विभिन्न थानों की अलग-अलग कार्रवाई
अभियान के दौरान पुलिस थाना पिंडवाड़ा ने मूर्रम, ग्रेवल और मैसनरी स्टोन के अवैध खनन एवं परिवहन में लिप्त पाए जाने पर एक ट्रैक्टर-लोडर और तीन ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त की। इसी तरह पुलिस थाना मंडार ने अवैध बजरी परिवहन के मामले में एक ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर एफआईआर दर्ज की। लगातार कार्रवाई के चलते पूरे जिले में निगरानी बढ़ाई गई।
प्रकरण दर्ज कर लाखों की वसूली
पिछले दो दिनों में जिलेभर में कुल 9 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें अवैध खनन का एक, अवैध निर्गमन के छह और अवैध भंडारण के दो मामले शामिल हैं। इन कार्रवाइयों के तहत 2.54 लाख रुपये की वसूली की गई। संबंधित मामलों में 7 एफआईआर दर्ज कर जांच जारी है।
पढ़ें- बंदूक के बट से मारा... चाकू से गोदा, फिर मार दी गोली: शिकारियों ने खुन्नस में ली थी जान, निहत्थे पुलिस जवान की हत्या ने चौंकाया
दूसरे दिन भी जारी रही कार्रवाई
अभियान के दूसरे दिन ग्राम पामेरा में 100 मीट्रिक टन अवैध बजरी स्टॉक जब्त किया गया, साथ ही एक लोडर और एक डंपर को भी कब्जे में लिया गया। पुलिस थाना बरलूट ने बजरी और मैसनरी स्टोन के अवैध निर्गमन में प्रयुक्त दो ट्रैक्टर ट्रॉली हिरासत में लेकर खनन विभाग को सूचना दी, जहां आगे की कार्रवाई में 0.27 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
कालंद्री में भी कार्रवाई, जुर्माना वसूला गया
इसी क्रम में पुलिस थाना कालंद्री ने बजरी के अवैध परिवहन में शामिल एक ट्रैक्टर ट्रॉली को पकड़कर एफआईआर दर्ज की। खनन विभाग द्वारा इस मामले में 1.27 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। खनिज अभियंता चन्दन कुमार ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।