भरतपुर में गाय को लेकर भिड़े दो पक्ष
- फोटो : अमर उजाला
भरतपुर के मथुरा गेट थाना इलाके में दो पक्षों के बीच अचानक विवाद बढ़ गया, जो देखते ही देखते पथराव और लाठी-डंडों से मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे पर पत्थर बरसाते नजर आ रहे हैं। इस झगड़े में एक पक्ष की दो महिलाएं घायल हुई हैं।
गाय को लेकर शुरू हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, मंजू ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले सांवलिया मीणा के घर की महिलाएं 3 मई को उनके घर के बाहर बंधी गाय को खोलकर ले गईं। सुबह जब मंजू ने गाय नहीं देखी तो आसपास पूछताछ की, जिससे पता चला कि गाय सांवलिया मीणा के घर ले जाई गई है। इसके बाद मंजू के परिवार के लोग गाय वापस लेने के लिए उनके घर पहुंचे।
कहासुनी के बाद बढ़ा तनाव
बताया गया कि सांवलिया मीणा ने गाय लौटाने से इनकार कर दिया। इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच इस मुद्दे को लेकर कहासुनी हो चुकी थी, जिसकी शिकायत मंजू पक्ष ने मथुरा गेट थाने में दी थी। मंगलवार को जब मंजू की बहन रेखा घर के बाहर दूसरी गाय का दूध निकाल रही थी, उसी दौरान विवाद ने उग्र रूप ले लिया।
पढ़ें- Banswara News: पढ़ाई के दौरान क्लास में गिरा छत का प्लास्टर, 4 छात्राएं घायल, स्कूल की जर्जर हालत पर उठे सवाल
हमले में दो महिलाओं को आई चोटें
मंजू के परिवार के अनुसार, इसी दौरान सांवलिया मीणा के परिवार ने हमला कर दिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और मारपीट हुई। घटना में मंजू और रेखा को चोटें आई हैं। घायल महिलाओं का पुलिस द्वारा मेडिकल करवाया जा रहा है।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत
मथुरा गेट थाने के एएसआई नरेंद्र कुमार ने बताया कि सांवलिया मीणा और मंजू के परिवार के बीच झगड़ा हुआ है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।