सिरोही में शिवगंज-सिरोही रोड पर गाय को रेस्क्यू कर रहे चार गौसेवकों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे घायल दो गौसेवकों की हालत गंभीर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
शिवगंज-सिरोही रोड पर बीती रात वन विभाग चौकी के पास एक तेज रफ्तार कार ने गौसेवकों की टीम को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में चार गौसेवक घायल हो गए, इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही शिवगंज थानाधिकारी बाबूलाल राणा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल शिवगंज अस्पताल पहुंचाया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, मंगलवार 26 अगस्त की रात एनीमल रेस्क्यू टीम एवं गौमति जीवदया सेवा समिति के सदस्य महिपाल रावल को सूचना मिली कि पालड़ी जोड़ वन विभाग चौकी के पास एक गाय हाईवे पर घायल अवस्था में पड़ी है। सूचना पर महिपाल रावल अपनी टीम के साथ एंबुलेंस लेकर रात करीब 8 बजे मौके पर पहुंचे।
टीम में साहिल सोनी, नफीस खान, महिपाल सिंह, सुरेश सोनी और एक अन्य सदस्य शामिल थे। उन्होंने एंबुलेंस को सही साइड पर खड़ा कर इंडिकेटर, फोकस और पार्किंग लाइट जलाकर घायल गाय को रेस्क्यू करना शुरू किया। इस दौरान सिरोही से सुमेरपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार बॉक्स वेगन कार (नंबर GJ 27 CF 4494) ने पीछे से टीम को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई।
विज्ञापन
हादसे में चारों घायल हो गए। उन्हें तत्काल शिवगंज अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल दो लोगों को रैफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।