जनसमस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
आबूरोड ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं नगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक स्तरीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान नीट पेपर लीक, महंगाई, पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों तथा नगरपालिका में कथित भ्रष्टाचार को लेकर रोष जताया गया। इसके बाद कार्यकर्ता उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
क्षेत्रीय विधायक मोतीराम कोली के नेतृत्व में आयोजित धरना-प्रदर्शन के बाद सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल, गैस और बिजली की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। पेट्रोल पंपों पर ईंधन भरवाने के लिए लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, जबकि कई स्थानों पर सीमित मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे आमजन के साथ-साथ किसानों को भी खेती-किसानी के कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि समय रहते जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: Gautam Dak FIR: सहकारिता मंत्री गौतम दक के खिलाफ पुलिसकर्मी से गाली-गलौच मामले में FIR दर्ज
इस मौके पर मौजूद ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गणेश बंजारा एवं नगर कांग्रेस अध्यक्ष नरगिस कायमखानी ने बताया कि आबूरोड तहसील क्षेत्र में बार-बार बिजली कटौती और कम वोल्टेज की समस्या से आमजन परेशान हैं। इसके अलावा पानी की अनियमित आपूर्ति, पेयजल संकट, स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाइयों, जांच मशीनों और डॉक्टरों की कमी के कारण लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि बजरी और पत्थर की रॉयल्टी नहीं मिलने से निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जबकि मजदूरी का भुगतान नहीं होने से श्रमिक वर्ग परेशान है। वहीं नगरपालिका में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का बोलबाला होने का आरोप लगाया गया। ज्ञापन में सफाई व्यवस्था में सुधार, सड़क, बिजली और पानी की समस्याओं के समाधान, जुआ, नशाखोरी एवं चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने तथा गांधीनगर क्षेत्र में लंबे समय से लंबित पुलिस चौकी की स्थापना की मांग भी की गई।