शिवगंज पुलिस थाना में 3 लोगों के खिलाफ ऑफिस में घुसकर मारपीट करने एवं गाली गलौज कर जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में पीड़ित का आरोप है कि उसने 1 आरोपी को पैसे उधार दिए थे, जब वापस मांगे तो दोनों अन्य आरोपियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार संतोषी नगर, शिवगंज जिला सिरोही निवासी शंकरलाल पुत्र कैलाश कुमार हरिजन ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि सुमेरपुर निवासी रविन्द्र शर्मा पुत्र किशनलाल शर्मा को 30 अगस्त 2024 को उसके ऑफिस पर आया तथा घरेलू कार्य के लिए 50 हजार रुपए यह कहते हुए उधर देने की मांग की कि वह एक दो माह में पैसे वापस दे देगा।
पुरानी जान पहचान होने की वजह से उसने 50 हजार रूपए रविन्द्र शर्मा को दे दिए थे। शनिवार को जब उसने रविन्द्र शर्मा से ये पैसे वापस मांगे तो वह किशनलाल शर्मा व रामरतन शर्मा के साथ एक सफेद रंग की कार में सवार होकर उसके ऑफिस आए। आरोपियों ने एक राय होकर कहा उसके पैसे मांगने पर नाराजगी जताते हुए ऑफिस में घुसकर गाली गलौच करते हुए मारपीट की तथा जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। इस मामले की जांच शिवगंज डीवाईएसपी भवानीसिंह को सौंपी गई है। अब इस मामले में अग्रिम कार्रवाई उनके द्वारा जांच करने के बाद की जाएगी।