सिरोही पिंडवाड़ा पुलिस एवं डीएसटी टीम ने पिंडवाड़ा-उदयपुर फोरलेन पर मालेरा तिराहा पर नाकाबंदी के दौरान स्विफ्ट डिजायर कार में ले जाया जा रहा 81.700 किलोग्राम डोडा पोस्त जब्त किया। इस मामले में एस्कॉर्टिंग कर रही कार सहित दो कारें जब्त कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। जब्त किए गए डोडा पोस्त की कीमत 12.25 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 12 सितंबर 2024 की शाम को पिंडवाड़ा थानाधिकारी हमीर सिंह भाटी की अगुवाई में उपनिरीक्ष पन्नालाल, हेड कांस्टेबल जगदीश कुमार, डीएसटी टीम के उपनिरीक्षक अमराराम, पिंडवाड़ा पुलिस थाना के कांस्टेबल मुकेश कुमार, गजेंद्र सिंह, अभय सिंह, जितेन्द्र सिंह, कल्याण सिंह, लोकेश कुमार एवं ओमप्रकाश की टीम द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पिंडवाड़ा-उदयपुर फोरलेन पर मालेरा तिराहा पर नाकाबंदी की गई थी। उस दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा एस्कॉर्ट का संदेह होने पर वहां से गुजर रही वरना कार को रुकवाकर पूछताछ की जा रही थी। इसके बाद इसके पीछे चल रही स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें 81.700 किलोग्राम डोडा पोस्त पाया गया।
पुलिस ने आवश्यक कारवाई के बाद डोडा पोस्त एवं दोनों कारों को जब्त कर लिया। पकड़े गए डोडा पोस्त की कीमत 12.25 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में लौहारा, पुलिस थाना लम्बी, जिला श्रीमुक्तसर, पंजाब निवासी सरमी सिंह पुत्र सोहन सिंह हरिजन, चरणजीत सिंह पुत्र दारा सिंह हरिजन, बलाईयाना, पुलिस थाना कोटपाई, जिला श्रीमुक्तसर निवासी पिन्दर सिंह पुत्र कुलवंत सिंह सोनार, लोहारा, पुलिस थाना लंबी, पंजाब निवासी गुरमीत सिंह पुत्र दारा सिंह हरिजन एवं खुईयान, मल्खाना, पुलिस थाना लम्बी, जिला मुक्तसर पंजाब निवासी रमनदीप सिंह पुत्र प्रकाश सिंह जट को गिरफ्तार किया है।