सिरोही शहर में रेलवे स्टेशन तिराहा से रोडवेज बस स्टैंड तक मुख्य सड़क पर जगह-जगह गड्ढों से राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लंबा समय बीतने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
गौरतलब है कि शहर के रेलवे स्टेशन तिराहा होकर गुजर रही यह सड़क मानपुर एवं पुराना चेक पोस्ट तक संपर्क सड़क है। गुजरात से माउंटआबू एवं समीपवर्ती अंबाजीधाम सहित रेवदर मार्ग की ओर आवाजाही करने वाले वाहन यहीं से होकर गुजरते हैं। इसके आलावा शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बसे लोगों का भी यह मुख्य मार्ग है।
रेलवे स्टेशन तिराहा, पुराना रेलवे स्कूल, मुख्य पोस्ट ऑफिस एवं पुराना नगरपालिका कार्यालय तक रोड पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हैं। कई स्थानों पर तो सड़क का अस्तित्व भी नहीं बचा है। वर्तमान बारिश के दौर में सड़क पर भरने वाले बरसाती पानी के निकास की कोई व्यवस्था नहीं होने से कीचड़ हो जाता है। उस दौरान पैदल लोगों के लिए आवाजाही करना किसी अभिशाप से कम नहीं होता है। दोपहिया वाहन चालकों को भी खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
अधूरे कार्य की वजह से नहीं बन पा रही है सड़क
इस मामले में रूड़ीफ एक्सईएन महेंद्र सामधानी का कहना है कि शहर में 263 करोड़ की लागत से सीवरेज का कार्य करवाया जा रहा है। यह कार्य 90 प्रतिशत पूरा भी हो चुका है। लेकिन उस क्षेत्र में अभी कुछ काम बाकी है। पूर्व में पहले प्रधानमंत्री एवं बाद में राज्यपाल के वीआईपी दौरों के दौरान इसे बीच में ही रोकना पड़ा था। इसके बाद बारिश का दौर शुरू हो गया। अब कुछ ही समय की बारिश है। बारिश रुकने के तत्काल बाद अधूरे कार्य को पूरा करवा देंगे।
इसके साथ ही इसके बाद रोडवेज बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन तिराहा तक नई सड़क बनाएंगे। इन कार्यों को हम जल्द से जल्द पूरा करवाने का प्रयास करेंगे, सिवरेज कार्य को पूरा करवाने के लिए जून 2024 का लक्ष्य दिया गया है, हम इससे पहले ही करवा लेंगे।