सिरोही में आबूरोड सदर पुलिस द्वारा न्यू मुंद्रा पानीपत पाइप लाइन पर वाल्व लगाकर तेल चोरी करने के मामले में बीते एक साल से फरार आरोपी को सिद्धपुर (गुजरात) से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी आला दर्जे का बदमाश प्रवृत्ति का है।
पुलिस के अनुसार, आबूरोड सदर थानाधिकारी हरचंदराम देवासी की अगुवाई में सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह, कांस्टेबल बाबू सिंह एवं डीसीआरबी सिरोही के कांस्टेबल रमेश कुमार की अगुवाई में टीम द्वारा सिद्धपुर, जिला पाटन, गुजरात निवासी बाकिर हुसैन उर्फ भैया भाई पुत्र समसु भाई को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में आरोपी केसर सिंह निवासी किंवरली, जयदीप सिंह निवासी ओर, लालुराम गाडरी निवासी चितौड़गढ़, आईनूलहक निवासी पाटन, शेख यासीन उर्फ गोली निवासी अहमदाबाद, नदीम मोहम्मद निवासी लुणियापुरा आबूरोड व आरीफ मोहम्मद निवासी अहमदाबाद तथा आरीफ निवासी अहमदाबाद पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। शेष आरोपियों की तलाश शुरू की थी। शेष आरोपीगण द्वारा लगातार अपनी जगह बदलकर रहने तथा आरोपी आला दर्जे का बदमाश के प्रवृत्ति का होने से गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए गए थे। करीब एक साल से फरार आरोपी बाकीर हुसैन उर्फ भाया भाई निवासी सिद्धपूर जिला पाटन, गुजरात को दस्तयाब कर गिरफ्तार किया गया है।
20 जनवरी 2023 को मामले का हुआ था खुलासा
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पप्पू कुमार हाल प्रचालन प्रबंधन इंडियन कार्पोरेशन लिमिटेड पश्चिमी क्षेत्र पाइप लाइन आबूरोड ने रिपोर्ट देकर बताया था कि पश्चिमी क्षेत्र पाइप लाइन की मुंद्रा पानीपत पाइप लाइन आबूरोड सदर थाना क्षेत्र के किवरली गांव से होकर गुजरती है। 20 जनवरी 2023 को दैनिक पेट्रोलिंग गार्ड भूराराम ने यह सूचना दी कि मुंद्रा पानीपत पाइप लाइन (एमपीपीएल) चौनज 416.900 पर खेत में गड्ढे हैं और गड्ढों तथा आसपास क्रूड ऑयल फैला हुआ है। मौके पर जाकर देखा तो गड्ढों से क्रूड ऑयल खाली किया तथा यह पाया कि मुंद्रा पानीपत पाइप लाइन के ऊपर पेट्रोलियम पदार्थ चोरी करने के उद्देश्य से वाल्व लगा हुआ था।
अज्ञात व्यक्तियों के द्वारा 19 जनवरी 2023 की रात में मुंद्रा पानीपत पाइप लाइन में वाल्व लगाकर चोरी की है अथवा चोरी करने का प्रयास किया है। इस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। घटना को अज्ञात आरोपियों द्वारा अंजाम देने एवं इसके राष्ट्रीय संपत्ति के साथ छेड़छाड़ कर चोरी करने का होने से सफलता पुलिस के लिए चुनौती थी। आबूरोड सदर थानाधिकारी हरचंदराम देवासी की अगुवाई में टीम द्वारा चुनौती को स्वीकार कर कार्य किया गया था।