राजस्थान के चूरू जिले के सादुलपुर क्षेत्र में शनिवार सुबह कार और ट्रक की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के पांच सदस्य और चालक शामिल हैं।
राजस्थान के चूरू जिले के सादुलपुर क्षेत्र में शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत छह लोगों की मौत हो गई। हादसा दरदेवा गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, हनुमानगढ़ जिले के तारानगर क्षेत्र के सोमनसीसर गांव का एक परिवार गोगामेड़ी मंदिर में दर्शन करने जा रहा था। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे सादुलपुर क्षेत्र में दरदेवा गांव के पास उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के समय जोरदार धमाका हुआ। हादसे में कार सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात माह की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
पढ़ें: पांच साल देश की सेवा की, अब समाज सेवा की बारी, पूर्व महिला बीएसएफ जवान माया को भाजपा ने उतारा