गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से कारोबारी से फिरौती की मांग
राजस्थान में गैंगवार भले ही शांत पड़ गई हो, लेकिन विदेशों में बैठे बदमाश अब कारोबारियों और उनके परिवारों को निशाना बना रहे हैं। सीकर जिले के फतेहपुर में ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां एक कारोबारी को गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है। फिरौती न देने पर कारोबारी और उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई है।
कारोबारी और बेटे को मिले धमकी भरे कॉल व मैसेज
फतेहपुर निवासी कारोबारी बाबूलाल जाट ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 10 सितंबर की शाम करीब 6:30 बजे उनके पास विदेशी नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम राहुल रिणाउ बताया और कहा कि उसे रोहित गोदारा ने कहा है कि बाबूलाल से 2 करोड़ रुपये ले लो, वरना उसे और उसके बेटे मोहित को उठा ले जाएंगे और जान से मार देंगे।
इसके बाद बाबूलाल के बेटे मोहित के वाट्सएप पर भी उसी नंबर से धमकी भरे ऑडियो मैसेज आए। देर रात करीब 10:30 बजे बाबूलाल के मोबाइल पर दोबारा ऑडियो मैसेज भेजे गए, जिनमें फिरौती की रकम न देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई।
हिस्ट्रीशीटर राहुल का निकला नाम
जांच में सामने आया कि धमकी देने वाला हिस्ट्रीशीटर राहुल रिणाउ है, जो फतेहपुर का ही रहने वाला है। वह हत्या के एक मामले में बीकानेर जेल में बंद था। पैरोल पर बाहर आने के बाद वह फरार हो गया और फर्जी पासपोर्ट बनवाकर विदेश चला गया। अब वहीं से वह गैंगस्टर रोहित गोदारा के इशारे पर काम कर रहा है।
यह भी पढ़ें- ‘विकास देता था दुश्मनों का साथ, इसलिए गोलियों से उड़ाया’: आरजू बिश्नोई गैंग ने लिया मुनीम हत्याकांड का जिम्मा
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
धमकी के बाद कारोबारी ने फतेहपुर कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने गैंगस्टर रोहित गोदारा और हिस्ट्रीशीटर राहुल दोनों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस तकनीकी जांच के साथ ही साइबर टीम की मदद से धमकी भरे कॉल और मैसेज के सोर्स का पता लगाने में जुटी है।
दहशत में कारोबारी, सतर्क हुई पुलिस
दिनदहाड़े इस तरह की धमकी से कारोबारी परिवार दहशत में है। वहीं, पुलिस ने भी सुरक्षा के लिहाज से पूरे मामले को गंभीरता से लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों तक पहुंचा जाएगा।
यह भी पढ़ें- Udaipur News: औरंगजेब था कुशल... महाराणा प्रताप-अकबर पर सुखाड़िया विवि की कुलगुरु के बयान पर बवाल, ABVP भड़की