सीकर जिले की नीमकाथाना पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि जयपुर ग्रामीण जिले से 11 हजार रुपये का इनामी वांछित अपराधी नीमकाथाना के मावंडा इलाके में आया हुआ है और वह किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में क्षेत्र में घूम रहा हैl
अपराधी की सूचना मिलते ही नीमकाथाना पुलिस अलर्ट हो गई और बदमाश को पकड़ने के लिए थाना अधिकारी सुनील जांगिड़ के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया और अपराधी की तलाश शुरू कर दीl अपराधी की तलाश करते हुए पुलिस ने बदमाश को मांकडी पुलिया के पास चारों तरफ से घेरकर गिरफ्तार कर लियाl आरोपी की पहचान मोती गुर्जर (19 साल) निवासी ढाणी बखरिजा, सरुण्ड, जयपुर के रूप में हुई हैl पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो देसी कट्टे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
आरोपी एमजी ग्रुप का सक्रिय सदस्य...
पकड़ा गया आरोपी एमजी ग्रुप का सक्रिय सदस्य हैl यह ग्रुप कोटपूतली, जयपुर और आसपास के इलाकों में सक्रिय है। इस ग्रुप में अनेक लोग शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी सरुण्ड क्षेत्र में फायरिंग की घटना को अंजाम देने के बाद फरारी काट रहा थाl आरोपी पर लूट, मारपीट और फायरिंग के अनेक मामले दर्ज हैंl फिलहाल, पुलिस आरोपी से पीसी रिमांड के तहत पूछताछ कर रही हैl वहीं, पुलिस आरोपी से कई और बढ़े खुलासे होने की संभावना जता रही है।