झुंझुनूं जिले के खेतड़ी नगर थाना क्षेत्र की बडाऊ पंचायत की कुम्हारों की ढाणी में सोमवार को एक बेटे ने पत्थर से वार कर अपने ही पिता की हत्या कर दी। फादर्स डे के अगले ही दिन हुई इस वारदात का मुख्य कारण घर में आए दिन होने वाला झगड़ा माना गया है, जिसको लेकर पुलिस ने वारदात के आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
मृतक के भाई रामनिवास ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसका भाई इंद्राज (55 साल) पुत्र भूराराम नंगली के रास्ते से अपने घर आ रहा था। इसी दौरान जब वह घर से कुछ ही दूरी पर था, तो उसी के बेटे बलवेंद्र ने उसे रास्ते में रोक लिया और उसके साथ हाथापाई करने लगा। आपस में हुई हाथापाई के दौरान बेटे बलवेंद्र ने पास ही बनी दीवार से पत्थर उखाड़ कर अपने पिता इंद्राज का सिर फोड़ दिया। अगला इतना घातक और ज़ोर से था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि इंद्राज का उसके परिवार के साथ काफी समय से झगड़ा चल रहा था, जिसको लेकर वह पिछले 6 महीने से ढाणी में अपने पुश्तैनी घर में अकेला रहता था। जबकि उसका बेटा और पत्नी खेत में मकान बनाकर रहते हैं।
मृतक इंद्राज सिंह के तीन बेटे और एक बेटी...
मृतक के भाई ने बताया कि साल 2012 में आपस में हुए झगड़े के बाद इंद्राज सिंह को थाने में बंद करवा दिया गया था, जिसके बाद उसकी बहन ने जमानत करवा कर वह अपने साथ टीबा बसई ले गई, जहां इंद्राज सिंह पिकअप चला कर अपना गुजारा करने लगा। लेकिन पिकअप चलाने के दौरान घाटा लगने पर वह पिकअप को बेचकर चाय की दुकान पर काम करने लगा। इसके बाद जब साल 2018 में उसकी मां की मौत हुई, तो वह अपने गांव आया। तब रिश्तेदारों ने आपस में समझाइश कर परिवार के साथ रहने के लिए सहमत कर दिया।
वह पिछले कुछ माह से अकेले ही रह रहा था। मृतक इंद्राज सिंह के तीन बेटे हैं, इनमें सबसे बड़ा सूरज भिवानी में टाइल्स लगाने का काम करता है। दूसरे नंबर का आरोपी बलवेंद्र बड़ाऊ में बाइक और टू व्हीलर रिपेयरिंग की दुकान चलाता है। जबकि छोटा बेटा बलवान जयपुर में निजी कंपनी में काम करता है। मृतक के एक लड़की आशा है, जो शादीशुदा है। मृतक इंद्राज सिंह खेती-बाड़ी कर अपना गुजारा करता था।
एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंचे...
हत्या की वारदात की सूचना पर डीएसपी हजारीलाल खटाना, थानाधिकारी अजय सिंह मय पुलिस जाब्ता के मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। इस दौरान एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। घटनास्थल का मौका मुआयना करवाया गया।
घटनास्थल से पत्थर और कुल्हाड़ी बरामद...
पुलिस ने घटनास्थल से एक बड़ा पत्थर और एक कुल्हाड़ी भी बरामद की है। थानाधिकारी अजय सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की रिपोर्ट पर बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की ओर से राजकीय अजीत अस्पताल से पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है और जल्द ही प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।