पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार।
- फोटो : अमर उजाला
भरतपुर जिले के गढ़ीबाजना थाना इलाके के मांगरैन कलां गांव में करीब एक महीने पहले बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या की वारदात में मृतक के बेटे को ही आरोपी बनाया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी बेटे ने ही सीने में गोली मारकर पिता की हत्या की थी। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी बेटे अनूप सिंह (23) को पिता श्रीभान (70) की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बेटे ने चाचा-ताऊ और उनके लड़कों को फंसाने के लिए उन पर पिता श्रीभान की हत्या का आरोप लगाते हुए झूठा केस दर्ज कराया था।
जानकारी के अनुसार आरोपी परिवार के चाचा-ताऊ से पुश्तैनी जमीन के हिस्से की रजिस्ट्री नहीं कराने को लेकर नाराज चल रहा था। इसलिए उसने षडयंत्र रचकर चचेरे भाई के साथ झगड़े का रूप देकर बीमार पिता की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
गढ़ी बाजना एसएचओ मुकेश गुर्जर ने बताया कि गांव मांगरैन कलां में पुश्तैनी जमीन के हिस्से की रजिस्ट्री को लेकर एक ही परिवार के श्रीभान गुर्जर और उदयभान गुर्जर में विवाद चल रहा था। इसे लेकिर 7 सितंतर की रात करीब 8:30 बजे श्रीभान के बेटे अनूप सिंह ने योजना के तहत चाचा उदयभान के लड़के बृजमोहन से झगड़ा किया। इसके बाद अनूप ने घर के बाहर चबूतरे पर बैठे अपने बीमार पिता श्रीभान के सीने में गोली मार दी। घायल श्रीभान की 9 सितंबर को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
अनूप सिंह ने हत्या का आरोप अपने चाचा-ताऊ और उनके लड़कों बृजमोहन, अचली, एसवीर, बिज्जो, विक्रम, चंद्रभान, सुनील, शेरसिंह पर लगाते हुए केस दर्ज कराया। एफआईआर में अनूप ने सभी लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर पिता की हत्या करने की बात कही। साथ ही एक चाचा मांगेलाल को भी घायल होना की बात कही।
एसएचओ मुकेश गुर्जर ने बताया कि मामले की जांच के दौरान अनूप सिंह, घायल चाचा मांगेलाल और परिवार के अन्य लोगों के बयानों में विरोधाभास होने पर शक हुआ। तकनीकी सहायता और आसपास के ग्रामीणों से गोपनीय तरीके से घटना जुटाने पर चौकाने वाली बात सामने आई। पता चला कि जमीन की रजिस्ट्री को लेकर अनूप सिंह ने चाचा-ताऊ और उनके लड़कों के खिलाफ हत्या का झूठा मामला केस दर्ज कराया है, जबकि पिता श्रीभान की गोली मारकर हत्या उसने ही की थी। सबूत मिलने पर पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी अनूप सिंह ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।