शाहपुरा जिला पुलिस ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए 72 किलो अवैध डोडा चूरा जब्त किया है। यह मादक पदार्थ प्लास्टिक के कट्टों में भरकर एक कार की बैक सीट पर रखा गया था। पुलिस ने यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कांवत के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के परिवहन और संग्रहण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की।
जानकारी के अनुसार हनुमाननगर थाना क्षेत्र के कुचलवाड़ा के पास स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक लावारिस खड़ी दिल्ली पासिंग कार से यह 72 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ है। पुलिस को हाईवे पर संदिग्ध कार खड़ी होने की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही हनुमाननगर थानाधिकारी अयूब खां के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की पीछे की सीट पर प्लास्टिक के कट्टों में भरा हुआ 72 किलो डोडा चूरा मिला।
पुलिस ने तुरंत कार को जब्त कर लिया और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने कार चालक की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन घटनास्थल पर कोई मौजूद नहीं मिला। मामले की जांच शकरगढ़ थानाधिकारी को सौंपी गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कांवत ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ यह विशेष अभियान जिले भर में सख्ती से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम इस तरह के मामलों पर पूरी निगरानी रख रहे हैं और अवैध मादक पदार्थों के परिवहन और संग्रहण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रहे हैं।