सवाई माधोपुर जिले के मलारना डूंगर थाना क्षेत्र के कांच की झोंपड़ी भारजा नदी गांव में देर रात घर के बरामदे में सो रही दो साल की मासूम बालिका का एक शख्स अपहरण कर ले गया। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर मलारना डूंगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कराई और ग्रामीणों के साथ मिलकर बालिका की तलाश शुरू की। पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को दबोच लिया और अपहृत बालिका को बरामद कर लिया।
इटावा बालाजी दर्शन के बाद रिश्तेदार के घर रुकी थी मां
जानकारी के मुताबिक, बौंली थाना क्षेत्र के शिशोलाव गांव निवासी अनिता मीणा पत्नी नरेश कुमार मीणा अपनी दो साल की बेटी आरबी के साथ इटावा बालाजी के दर्शन करने आई थी। दर्शन के बाद अनिता अपनी बेटी के साथ कांच की झोंपड़ी भारजा नदी निवासी अपनी मौसेरी बहन के घर पहुंची और रात को वहीं ठहर गई।
आधी रात को बच्ची को उठाकर भागा आरोपी
रात में अनिता अपनी बेटी, मौसेरी बहन और अन्य महिलाओं के साथ घर के बरामदे में सो रही थी। इसी दौरान करीब 12 बजे एक शख्स घर में दाखिल हुआ और सो रही बच्ची को उठाकर ले गया। आरोपी कथित तौर पर बच्ची की मां का मोबाइल भी साथ ले गया। अनिता की नींद खुली तो उसने एक शख्स को बच्ची को लेकर भागते देखा। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
नाकाबंदी के बाद गांव में शुरू हुई तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र में नाकाबंदी कराई। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर गांव और आसपास के इलाकों में बच्ची की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने गांव के पास बनास नदी किनारे स्थित अमरूदों के बगीचे में आरोपी को पकड़ लिया। बच्ची को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।
ग्रामीणों ने आरोपी की पिटाई की
आरोपी की पहचान भारजा नदी निवासी भीम सिंह पुत्र गनी लाल मीणा के रूप में हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी आदतन चोर है और चोरी की नीयत से घर में घुसा था। इसी दौरान उसने मोबाइल चोरी किया और बच्ची को भी उठाकर ले गया। ग्रामीणों ने आरोपी की पिटाई भी की।
अपहरण की वजह जानने में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने बच्ची को क्यों और किस मकसद से उठाया था। बच्ची के सकुशल बरामद होने के बाद पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली है।