रणथंभौर नेशनल पार्क में पलटी जिप्सी।
- फोटो : अमर उजाला
सवाई माधोपुर स्थित रणथंभौर नेशनल पार्क के टाइगर सफारी के दौरान जोन नंबर सात में पर्यटकों से भरी जिप्सी के असंतुलित होकर पलट गई। हादसे में कई पर्यटक घायल हो गए। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल पर्यटकों को अन्य वाहन से सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय के सेविका अस्पताल लाया गया।
बताया जा रहा है कि जिप्सी में पांच विदेशी पर्यटक सवार थे। वे जोन नंबर 7 पर भ्रमण कर रहे थे। जिप्सी के चालक के अनुसार उसे चालक को एक सांप दिखाई दिया। इससे चालक हड़बड़ा गया और अचानक जिप्सी असंतुलित हो गई। हड़बड़ाहट में जिप्सी पलट गई।
जिप्सी के पलटने से चार विदेशी पर्यटक घायल हो गए। चारों घायलों को सेविका अस्पताल में लाकर भर्ती करवाया गया है। दो पर्यटकों को हल्की-फुल्की ही चोट आई। प्राथमिक उपचार के पश्चात छुट्टी दे दी गई। शेष दो पर्यटकों को गंभीर चोट आई है। घायल पर्यटक मिकालेफ तथा एगर मीकालैफ ऑस्ट्रेलिया के निवासी हैं, जोकि दिल्ली से चलकर रणथंभोर पहुंचे थे।
सभी विदेशी पर्यटक रणथंभौर के होटल नेशनल रिजॉर्ट में ठहरे हुए थे। इनका आगरा जाने का कार्यक्रम था। आगरा जाने से पूर्व सभी पर्यटक नेशनल पार्क के जोन नंबर 7 पर भ्रमण करने गए थे। दोनों पर्यटकों को सिर तथा पेट में घुटनों में गंभीर चोट लगी है। दोनों विदेशी पर्यटकों का उपचार जारी है।