जिले के मलारना डूंगर थाना क्षेत्र के शेषा गांव में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के करीब एक महीने बाद एसडीएम के आदेश पर महिला के शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम करवाया गया।
मामला 15 मार्च का है, जब शेषा गांव की नजराना बानो की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उस समय पीहर और ससुराल पक्ष की आपसी सहमति के कारण महिला का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया था और शव को कब्रिस्तान में दफना दिया गया।
ये भी पढ़ें: IPL 2025: राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपरजायंट्स के बीच अहम मुकाबला 19 को जयपुर में, प्रैक्टिस सेशन ऑन मोड में
इसके बाद 1 अप्रैल को मृतका की मां फरसाना बानो पत्नी इलियास खान निवासी करमोदा ने पति, सास, ससुर, देवर और ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मामला मलारना डूंगर थाने में दर्ज करवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम के आदेश पर शुक्रवार को महिला का शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई चिकित्सा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र सिसोदिया की निगरानी में चार सदस्यीय मेडिकल टीम द्वारा की गई। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक और जांच अधिकारी उदय सिंह मीणा, थाना अधिकारी जितेन्द्र सिंह सोलंकी, कुंडेरा और मलारना डूंगर थाना पुलिस, तथा अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
शव को बाहर निकालने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण कब्रिस्तान के बाहर इकट्ठा हो गए। इसके चलते प्रशासन की ओर से पूरी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी ताकि कोई अव्यवस्था न हो। अब पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।