सतीश पूनिया ने पीएम मोदी से की मुलाकात
- फोटो : Amar Ujala Digital
राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने शनिवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री के साथ सतीश पूनिया ने डेढ़ घंटे तक अकेले में बातचीत की। वहीं पूनिया के दिल्ली प्रवास के दौरान उनका परिवार भी मौजूद रहा। पीएम मोदी ने पूनिया के परिवार के साथ तस्वीरें भी खिंचवाई।
सतीश पूनिया ने प्रधानमंत्री से राजस्थान के संगठनात्मक विषयों सहित राज्य के विभिन्न विषयों को लेकर बातचीत की। प्रधानमंत्री ने राजस्थान के वर्तमान राजनीतिक हालातों की भी जानकारी ली। सतीश पूनिया का दिल्ली दौरा अहम इसलिए माना जा रहा है क्योंकि 20 और 21 मई को भाजपा के नेता जयपुर में जुटने वाले हैं। इस हाई लेवल बैठक में पार्टी के सभी राष्ट्रीय सचिव, महासचिव, उपाध्यक्ष और राज्यों के प्रभारी शिरकत करेंगे। वहीं विभिन्न राज्यों के पार्टी प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी और महासचिवों को भी आमंत्रित किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जयपुर की बैठक में वर्चुअल रूप से शामिल होंगे। बैठक की अध्यक्षता भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे।
राजस्थान में अगले साल विधानसभा चुनाव होने है। ऐसे में राजस्थान में सियासी हलचल बढ़ गई है। कांग्रेस उदयपुर में तीन दिवसीय चिंतन शिविर आयोजित कर रही है। अब भाजपा भी जयपुर में मंथन करने जा रही है। जिसमें भाजपा के दिग्गज जयपुर में जुटेंगे।