अब जिप्सी का किराया रिजर्व कोर एरिया में 485 रुपए प्रति पर्यटक की बजाय 535 रुपए प्रति पर्यटक देना होगा। जबकि बफर जोन में 1000 रुपए प्रति जिप्सी की जगह 1300 रुपए प्रति जिप्सी किराया देना होगा। केंटर के किराए में भी प्रति पर्यटक बढ़ोतरी की गई है। आदेश में कहा गया है कि 27 जनवरी से ही नई दरें प्रभावी हो गई हैं।
कोर एरिया में ये हैं बढ़ी हुई रेट्स
सरिस्का टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में जिप्सी गाइड फीस 125 रुपए प्रति पर्यटक से बढ़ाकर 140 रुपए प्रति पर्यटक कर दी गई है। इसी तरह केंटर गाइड फीस 43 रुपए प्रति पर्यटक से बढ़ाकर 50 रुपए प्रति पर्यटक कर दी गई है। जिप्सी का किराया 485 रुपए प्रति पर्यटक से बढ़ाकर 535 रुपए प्रति पर्यटक, केंटर वाहन किराया 400 रुपए प्रति पर्यटक से बढ़ाकर 440 रुपए प्रति पर्यटक कर दिया गया है।
बफर जोन में गाइड फीस में 100 रुपए, जिप्सी किराए में 300 रुपए बढ़ोतरी
सरिस्का टाइगर रिजर्व के बफर एरिया बाला किला में जिप्सी गाइड फीस 200 रुपए प्रति वाहन से बढ़ाकर 300 रुपए प्रति वाहन और जिप्सी वाहन किराया 1000 रुपए प्रति वाहन से बढ़ाकर 1300 रुपए प्रति वाहन कर दिया गया है।
शिकार की फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट की तो नेचर गाइड पर रोक
सरिस्का टाइगर प्रोजेक्ट के मुख्य वन संरक्षक और क्षेत्र निदेशक आरएन मीणा ने टाइगर एसटी-15 के गाय को किल किए संबंधित फोटो और वीडियो अनाधिकृत तौर पर सोशल मीडिया पर डालने पर नेचर गाइड श्याम सुंदर को सरिस्का टाइगर प्रोजेक्ट के पर्यटन नियमों की अवहेलना करने और एक ही जगह पर पर्यटक वाहन को करीब 1 घंटे तक खड़ा करके टाइगर को डिस्टर्ब करने का आरोप लगाते हुए आगामी आदेशों तक टाइगर प्रोजेक्ट सरिस्का में एंट्री पर प्रतिबंध लगा दिया है।