फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajasthan: फिल्मी स्टाइल में पकड़ा गया डोडा चूरा, नाकाबंदी तोड़ भागे तस्कर; पुलिस ने टक्कर मारकर रोका

Thu, 20 Aug 2026 11:50 AM IST
सलूंबर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सलूंबर

सार

Rajasthan News: सलूंबर में पुलिस ने नाकाबंदी तोड़कर भाग रही डोडा चूरा से भरी स्कॉर्पियो को पीछा कर टक्कर मारकर रोका। वाहन से करीब 200 किलो डोडा चूरा और पिस्तौल बरामद हुई। दो तस्कर पकड़े गए, जबकि स्कॉर्पियो को एस्कॉर्ट कर रही क्रेटा का चालक फरार हो गया।
 
विज्ञापन
अपराध - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सलूंबर में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ सलूंबर पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में बड़ी कार्रवाई करते हुए डोडा चूरा से भरी महिंद्रा स्कॉर्पियो जब्त की है। उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर तस्करों ने पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर डीएसटी टीम के वाहन से स्कॉर्पियो को टक्कर मारकर रोक लिया।
विज्ञापन

वाहन में सवार दो तस्करों ने पैदल भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी में स्कॉर्पियो से करीब 200 किलो डोडा चूरा और एक पिस्तौल बरामद हुई।

महाकाल दर्शन के बाद निकले थे तस्करी की खेप लेकर
जानकारी के अनुसार आरोपी उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में दर्शन करने के बाद स्कॉर्पियो में डोडा चूरा की खेप भरकर उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे के रास्ते जा रहे थे। इसी दौरान सलूंबर साइबर सेल पुलिस को तस्करों की गतिविधियों की सूचना मिली। जिला पुलिस अधीक्षक विशनाराम बिश्नोई के निर्देश और सराड़ा डिप्टी कृष्ण गोपाल के सुपरविजन में पुलिस ने संभावित रास्तों पर नाकाबंदी और निगरानी शुरू कर दी।
विज्ञापन


खेरवाड़ा से उदयपुर जा रही स्कॉर्पियो पर पुलिस की नजर
साइबर सेल से मिली सूचना के आधार पर सलूंबर डीएसटी, साइबर सेल, सलूंबर थाना और परसाद थाना पुलिस की टीमें सक्रिय हो गईं। पुलिस संदिग्ध वाहनों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान खेरवाड़ा की तरफ से परसाद होते हुए उदयपुर की ओर जा रही स्कॉर्पियो पुलिस के रडार पर आ गई।

नाकाबंदी तोड़ी तो पुलिस ने पीछा कर मारी टक्कर
परसाद थाना क्षेत्र में हाईवे पर पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर रखी थी। संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ाकर नाकाबंदी तोड़ दी। इसके बाद पुलिस ने पीछा शुरू किया। डीएसटी टीम ने आगे से घेराबंदी करते हुए अपने वाहन को स्कॉर्पियो के आगे लगाया और टक्कर मारकर उसे रोक दिया।

वाहन छोड़कर पैदल भागे दोनों तस्कर
स्कॉर्पियो रुकते ही उसमें सवार दोनों तस्कर पैदल भागने लगे। पुलिस जवानों ने उनका पीछा किया और कुछ दूरी पर दोनों को पकड़ लिया। पुलिस ने कैलाश पुत्र रूपा राम निवासी बालोतरा और मांगी लाल पुत्र जेठा राम निवासी बालोतरा को हिरासत में लिया है।

स्कॉर्पियो को एस्कॉर्ट कर रही थी क्रेटा
पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो के आगे एक क्रेटा कार भी चल रही थी। बताया जा रहा है कि क्रेटा तस्करों की एस्कॉर्ट कर रही थी और रास्ते में पुलिस की मौजूदगी की जानकारी दे रही थी। स्कॉर्पियो पकड़े जाने के बाद क्रेटा चालक ने भी भागने का प्रयास किया। पुलिस ने ट्रक खड़े करवाकर नाकाबंदी मजबूत की, लेकिन चालक डिवाइडर पार कर दूसरी ओर निकल गया और फरार हो गया।

200 किलो डोडा चूरा और पिस्तौल बरामद
स्कॉर्पियो की तलाशी में करीब 200 किलो डोडा चूरा और एक पिस्तौल बरामद हुई। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। फरार क्रेटा चालक और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें