पत्थरबाजी से महिला की मौत के मामले में गिरफ्तार आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
सलूम्बर जिले के झल्लारा थाना क्षेत्र में 31 दिसम्बर को पत्थरबाजों ने एक बोलेरो गाड़ी पर पथराव किया। इससे गाड़ी में बैठी एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। चिकित्सालय में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। इस मामले में शनिवार को पुलिस ने डूंगरपुर जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को डिटेन किया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव ने बताया कि 31 दिसम्बर को वेलाराम ने झल्लारा थाने पर रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि वह अपने रिश्तेदार मोतीबाई पति धनिया मीणा निवासी बड़ातालाब, देवली बाई पत्नी भीमराज मीणा, मांगीला बाई पत्नी रामलाल मीणा, गोतीबाई पत्नी अर्जुन मीणा और अन्य को लेकर एक संबंधी की सेवानिवृत्ति कार्यक्रम में चिबोड़ा घाटी गया था। वहां से लौटते समय झड़ाप स्कूल से पहले मोटर साइकिल पर आए तीन जनों ने गाड़ी रुकवाई और जबरन गेट खोलने का प्रयास किया।
उसके बाद उसने गाड़ी को आगे बढ़ा दी, लेकिन कुछ आगे तीनों जने पीछा कर आए और पथराव किया। एक पत्थर पीछे बैठी मोतीबाई को लगा, जिससे वह बेहोश हो गई। बड़ा तलाब पहुंचकर अन्य महिलाओं को उतारा और मोती बाई को लेकर सलूम्बर अस्पताल ले गया। वहां से उदयपुर रेफर किया। उदयपुर पहुंचने पर चिकित्सक ने मोतीबाई को मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट में आरोपियों की भी जानकारी दी गई।
यह भी पढ़ें- राजस्थान हादसा: पैदल जा रहे श्रद्धालुओं पर ट्रक पलटने से तीन की मौत, आठ घायल; अस्पताल पहुंचे स्पीकर ओम बिरला
वेलाराम की रिपोर्ट पर झल्लारा थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया। एएसपी रतन चावला और डिप्टी हेरम्ब जोशी के निर्देशन में झल्लारा थानाधिकारी जयकिशन के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने इस मामले में शनिवार को आरोपी अनिल पुत्र लालशंकर बरगोट करवाखास डूंगरपुर और नेपाल पुत्र नाथूराम डामोर निवासी भोडन का वेला डूंगरपुर को गिरफ्तार किया। मामले में एक नाबालिग को डिटेन किया।
इधर, थानाधिकारी जयकिशन से क्षेत्र के युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर ऐसे आरोपियों को फाॅलो नहीं करें जो आपराधिक घटनाओं में लिप्त हैं। ऐसे लोगों से दूरी बनाकर रखें ताकि क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं में कमी लाई जा सके और युवाओं को भी सही मार्ग पर आगे बढ़ाया जा सके।