राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार को घोषणाएं पूरा करनी चाहिए, अगर ऐसा नहीं होगा तो लोगों को निराशा होती है। ओबीसी आरक्षण के मुद्दे को लेकर पायलट ने कहा कि मामले में अगर कोई कानूनी उलझन नहीं है तो उसे पूरा करने के लिए सरकार को प्रयास करने चाहिए। जनप्रतिनिधियों से जो वादे सरकार ने किए हैं, उनकी बातें सुनकर उन्हें सुलझाने का काम करना चाहिए।
युवाओं को बड़ी उम्मीद होती है और जब उनके सपने पूरे नहीं होते तो स्थिति खराब होती है। ऐसे में सरकार को संवेदनशील होकर जनप्रतिनिधियों की बात सुनकर मामला सुलझाने का काम करना चाहिए। पायलट ने यह बातें मंगलवार को टोंक में मीडिया से बात करते हुए कहीं।
पाइलट ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा अभी महाराष्ट्र में है। 20 सितंबर को मध्यप्रदेश में आएगी और इसके कुछ दिन बात राजस्थान में प्रवेश करेगी। देश में यह पहला प्रदेश है, जहां कांग्रेस की सरकार है। ऐसे में भारत जोड़ो यात्रा का राजस्थान में प्रवेश के दौरान ऐतिहासिक स्वागत होगा।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से भाजपा परेशान है। वे लोग भारत जोड़ो यात्रा से विचलित हैं, यही कारण है कि जहां से राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा करके आए हैं, वहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनसभा करके विभिन्न योजनाओं की घोषणा कर रहे हैं। राहुल गांधी की यात्रा से निश्चित तौर पर कांग्रेस के प्रति लोगों का रुझान और समर्थन बड़ा है।