उदयपुरवाटी विधानसभा क्षेत्र के झुंझुनू स्टेट हाईवे पर मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप ने ट्रैक्टर को टक्कर मारी दी। जिसके बाद बीच सड़क पर पिकअप पलट गई। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। वहीं सात लोग घायल हो गए। सभी मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।
लीलो की ढाणी के पास उदयपुरवाटी-गुढा रोड पर पिकअप अचानक पलट गई। गाड़ी में 18 लोग सवार थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि परिवार में किसी वृद्ध की मौत हो गई थी। 14 दिन पूरे होने पर परिवार के लोग और रिश्तेदार अस्थियां विसर्जन करने के लिए लोहार्गल गए थे। वापस लौटते समय लीलां की ढाणी और हुकुमपुरा के बीच सड़क किनारे ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी। तेज रफ्तार पिकअप ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। जिसके बाद पिकअप पलट गई।
जानकारी के अनुसार मृतक अहिरो की घानी तन खेतणी के रहने वाले थे। सभी शवों को गुढ़ा गोडजी के मोर्चरी घर में रखवाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को झुंझुनू बीडीके हॉस्पिटल में भर्ती करवाया है।
हादसे को लेकर सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट कर दुख जताया है। सीएम गहलोत ने कहा कि झुंझुनू के गुढा गौड़जी क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में मारे गए लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं, ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करें और दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।
राज्यपाल कलराज मिश्र ने भी झुंझुनू में भी भीषण सड़क हादसे पर शोक व्यक्त किया है। राज्यपाल ने ट्वीट कर लिखा कि ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करने और परिजनों को उनके बिछोह का दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे।
पीएम मोदी बोले- मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख देंगे
झुंझुनूं में दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों को पीएमएनआरएफ की ओर से दो-दो लाख रुपये की आर्थिक मदद की जाएगी। साथ ही घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर मुआवजे का एलान किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना भी जताई।