गुजरात के अहमदाबाद से गिड़ा जा रही प्राइवेट स्लीपर कोच बस बाड़मेर के पास एक्सीडेंट का शिकार हो गई। बस पलटने से उसमें सवार 40 सवारियों में से करीब 20 लोग घायल हो गए। सभी घायलों का बाड़मेर के राजकीय जिला अस्पताल में इलाज जारी है। ये हादसा रविवार सुबह नेशनल हाइवे 68 पर खेत सिंह की प्याऊ के पास हुआ। बस अहमदाबाद से बाड़मेर की तरफ आ रही थी।
बताया जा रहा है कि अचानक बस का एक टायर फट गया, जिससे स्पीड में चल रही बस बेकाबू हो गई। ड्राइवर ने बचाने की कोशिश की, लेकिन बस पलट गई। बस का फ्रंट साइड का टायर फटने से दुर्घटना होना बताया गया। एक्सीडेंट के वक्त बस में करीब 40 यात्री सवार थे। महिलाओं और पुरुषों समेत करीब 20 यात्री घायल हो गए। सिर, गर्दन, हाथ, पैरों और छाती में चोंटें आई हैं।
बस एक्सीडेंट की सूचना पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से बाड़मेर के जिला अस्पताल में पहुंचाया और भर्ती कराया। जहां पर इमरजेंसी और ट्रॉमा वार्ड में उनका उपचार चल रहा है। हालांकि, कोई जनहानि होने की अभी तक सूचना नहीं है। बताया जा रहा है तीन-चार लोगों को गंभीर चोट आई है।
चार लोगों के फ्रैक्चर
बस हादसे सूचना पर बाड़मेर से विधायक मेवाराम जैन, एसडीओ समुंदर सिंह भाटी भी जिला अस्पताल पहुंचे। जिन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और अस्पताल के मेडिकल स्टाफ, चिकित्सकों से सभी घायलों के अच्छे तरीके से पूरा इलाज करने के निर्देश दिए। बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन ने बताया, अहमदाबाद से बाड़मेर की तरफ आ रही प्राइवेट ट्रैवेल्स की बस खेत सिंह की प्याऊ के पास पलट गई। बस का अगला टायर फटने के कारण हादसा हुआ। करीब 20 सवारियों को चोट आई है, इनमें चार लोगों को फ्रैक्चर हुआ है और गंभीर चोटें हैं। ज़िला अस्पताल में घायलों की कुशलक्षेम पूछी है और अस्पताल प्रशासन को घायलों का बेहतर उपचार करने कराने के निर्देश दिए हैं।
20 घायल, कोई जनहानि नहीं
एसडीओ समुंदर सिंह भाटी ने बताया कि प्राइवेट फर्म गणेश ट्रैवेल्स की बस अहमदाबाद से गिड़ा जा रही थी। तभी खेत सिंह की प्याऊ के पास अचानक अनकंट्रोल होकर बस पलट गई। एक्सीडेंट की सूचना पर ज़िला अस्पताल प्रशासन को अलर्ट किया गया और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर भिजवाया। बस के 20 यात्री घायल हुए हैं, अब तक कोई जनहानि नहीं हुई है। तुरंत इलाज शुरू कर दिया गया। सभी का निःशुल्क इलाज और जांच राज्य सरकार की योजना के अनुसार हो रहा है।