क्या मैं जाति और धर्म की राजनीति करता हूं? क्या मैंने अभी तक कभी की है। हमने हर जाति, धर्म में पैठ बनाई, कड़ी मेहनत की। ईमानदारी से कार्यकर्ताओं के साथ लगकर राजस्थान में हर क्षेत्र में पार्टी के कार्यकर्ताओं, नेताओं के साथ काम किया। जनता में वसुंधरा राजे सरकार की सरकार विरोधी लहर को खड़ा करके उपचुनाव समेत अन्य में सफलता लाने का प्रयास किया। यह तर्क सचिन पायलट के हैं। इसके सामानांतर लगातार प्रचारित किया गया कि मैं गुर्जर समुदाय से आता हूं। बाहरी हूं। राजस्थान में गुर्जर 4.5 प्रतिशत हैं। मीणा और गुर्जर का छत्तीस का आंकड़ा है।
आखिर इसके पीछे किसका हाथ है और क्यों है? यह कौन प्रचारित कर रहा है कि कुछ महीने बाद होने वाले लोकसभा चुनाव का प्रश्न है, कांग्रेस की सीटें कम आएंगी। पायलट के मुताबिक 1998 में गहलोत सीएम बने थे। 2003 में पार्टी का हश्र क्या हुआ था और 2008 में बने तो 2013 में क्या हुआ? 2014 के लोकसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन कैसा रहा? इसलिए यह तर्क न दिया जाए कि लोकसभा चुनाव में सीटें कम आएंगी। हमें काम करने का अवसर दिया जाए। कुछ इन्ही तर्कों के साथ सचिन पायलट लगातार अपने समर्थक विधायकों के दावे के साथ करीब तीन दिन तक अड़े रहे। आधा दर्जन के करीब बैठकों के बाद बमुश्किल माने।
कई लोगों ने की बात
पिछले करीब 50 घंटे में सचिन पायलट को मनाने वाले लोगों की कमी नहीं रही। वहीं कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ सूत्र के मुताबिक अशोक गहलोत पहले दिन से ही मुख्यमंत्री पद मिलने को लेकर आश्वस्त थे। पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल समेत अन्य भी समय और परिस्थिति के हिसाब से अशोक गहलोत को अधिक उपयुक्त मान रहे हैं। वहीं, सचिन से बात करने वालों में केवल कांग्रेस अध्यक्ष ही नहीं थे। इस क्रम में भंवर यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, भंवर जितेन्द्र सिंह, आरपीएन सिंह, सचिन की मां रमा पायलट भी थी। बताते हैं राजीव शुक्ला की भी इसमें अहम भूमिका थी। पायलट ने सोचने के नाम पर दो-तीन बार समय लिया और खुलकर साफ मंशा से अपनी बात रखी।
पार्टी महासचिव अशोक गहलोत दो बार राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले वहां का प्रभारी बनने के बाद उन्होंने अपनी राजनीतिक कुशलता का परिचय दिया था। अशोक गहलोत पूरे राजस्थान में हर जाति, वर्ग, संप्रदाय में पकड़ रखते हैं। दूसरे दलों में भी उनके शुभचिंतक हैं। यहां तक कि चुनाव जीतकर आए बागी और अन्य दल में भी गहलोत द्वारा बढ़ाए गए नेता हैं। अशोक गहलोत को मेल मिलाप, जोड़-तोड़ और ऐसी स्थिति में सतर्क रहने में माहिर माना जाता है। अशोक गहलोत की एक विशेषता और है। वह जमीनी राजनीति करते हैं, जुबान और भाषा पर गजब का नियंत्रण रखते हैं और उनकी भाषा की एक अपनी ही शैली है। उनके बारे में कहा जाता है कि वह कुछ भी खाकर हजम कर सकते हैं और सामने वाले को इसकी भनक नहीं लगने देते। अंत में अशोक गहलोत को यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी का भरपूर विश्वास हासिल है।
अहमद पटेल से मिलकर जयपुर रवाना
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और अशोक गहलोत के साथ फोटो खिचवाने के बाद सचिन पायलट पार्टी के प्रभारी अविनाश पांडे, भंवर जितेन्द्र, केसी वेणु गोपाल के साथ पार्टी मुख्यालय आए। वहां अहमद पटेल, राजीव शुक्ला समेत अन्य उनका इंतजार कर रहे थे। कुछ देर बाद गहलोत, पायलट, भंवर, पांडे संवाददाता सम्मेलन में गए और इसके बाद फिर अहमद पटेल के साथ कुछ समय की मंत्रणा करके जयपुर के लिए रवाना हो गए।