अजमेर जिले के नगेलव पंचायत का अलीपुरा गांव इस समय चेचक की चपेट में है। टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार पिछले महीने गांव के 150 से ज्यादा बच्चों में चेचक के लक्षण मिले तो पिछले दो दिनों में ही 30 से ज्यादा नए मामले सामने आ चुके हैं। हालात विकट होते देख स्वास्थ्य विभाग को भी होश आया तो आनन फानन में एक टीम गांव में चेकअप के लिए भेजी गई है।
जिले के पिशनघन ब्लॉक का अलीपुरा दूर दराज का गांव है। गांव में हालत ये है कि हर घर में चेचक का एक मरीज जरूर मिल जाएगा। गांव की नुसरत बेगम बताती हैं कि मैंने अपने बच्चों को अपनी मां के घर दूसरे गांव भेज दिया है, जिससे वे सुरक्षित रह सकें। माता पिता तब दहशत में आ जाते हैं जब उन्हें अपने बच्चे के शरीर पर लाल दाने दिखने लगते हैं और वह बुखार से तपने लगते हैं।
इलाज के अभाव में गांव वाले अपने बच्चों को तांत्रिक और बाबाओं के पास ले जाने लगे हैं। एक अभिभावक कहते हैं कि सरकारी अस्पताल हमारे गांव से दो किलोमीटर दूर है जहां मात्र एक नर्स ही हर समय रहती है।