कहा जाता है गंगा में नहाकर इंसान के सारे पाप दूर हो जाते हैं, गंगा के प्रति यह आस्था उसकी पावनता को लेकर है लेकिन अगर एक मंदिर के बारे में भी ऐसा ही दावा किया जाए कि वहां जाकर सारे पाप खत्म हो जाते हैं तो उसके बारे में जिज्ञासा जागना स्वभाविक है।
यह दावा किया जा रहा है राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के शिव मंदिर के बारे में। ऐसा नहीं है मंदिर केवल इसका दावा ही करता है बल्कि यहां इसके लिए बकायदा 'पाप मुक्ति' का सर्टिफिकेट दिया जा रहा है।
प्रतापगढ़ के गौतमेश्वर महादेव पापमोचन तीर्थ स्थल में शिव मंदिर स्थित है। इस मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को उनके पाप मुक्ति का वादा किया जाता है। इसके लिए मंदिर में बने एक कुंड में स्नान करना होता है और इसके बाद 11 रुपये का दान करने के बाद बकायदा आपको पाप मुक्ति का सर्टिफिकेट दिया जाता है।
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार मंदिर प्रबंधन का दावा है कि परिसर में बने मंदाकिनी कुंड में आजादी के बाद से अभी तक जितने भी लोगों ने स्नान किया है उन सभी का रिकार्ड उनके पास है।