देशभर में पड़ रही झुलसा देने वाली गर्मी के बीच राजस्थान में तापमान 50 डिग्री का भयावह आंकड़ा पार कर गया है। इस रेगिस्तानी राज्य के फलौदी में गुरुवार को अधिकतम तापमान 51 डिग्री से ज्यादा रिकार्ड किया गया। इसके अलावा भी राज्य के इलाके ऐसे रहे जहां पारा 50 डिग्री के आसपास रहा।
भयानक गर्मी के कारण राज्य में अभी तक 12 लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग की मानें तो अभी इसमें अगले कुछ और दिनों तक राहत की उम्मीद भी नहीं दिख रही है। आशंका लगाई जा रही है कि अगले कुछ और दिनों में तापमान और रिकार्ड भी तोड़ सकता है।
चूरू में पारा 50.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसके आलावा जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर सहित पश्चिमी राजस्थान में अधिकतर स्थानों पर पारा 49 डिग्री से अधिक चल रहा है। जानकारी के अनुसार जोधपुर सहित पश्चिमी राजस्थान में पिछले 48 घंटों में नौ लोगों की गर्मी से मौत हो गई है। वहीं बारां जिले में दो तथा टोंक जिले में एक व्यक्ति की मौत हो गई।