गिरफ्तार एसआई और बरामद हाथी दांत
- फोटो : Amar Ujala Digital
राजस्थान एसओजी की टीम ने हाथी दांत की तस्करी का खुलासा किया है। एसओजी ने हरदोई उतरप्रदेश के पुलिस उपनिरीक्षक नाजुदीन खां और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से हाथी दांत, डेढ़ लाख रुपये और हथियार बरामद किया है।
तीनों आरोपी स्कॉर्पियों से जयपुर में घूम रहे थे। एसओजी के एडीजी अशोक राठौड़ ने बताया कि तस्करों के पास से 35 नग हाथी दांत मिले हैं। इनका वजन 30 किलो है। जिसकी कीमत करीब 3 करोड़ है। आरोपियों के पास से एक लोडेड रिवॉल्वर, छह जिंदा कारतूस और एक लाख पचास हजार रुपए बरामद हुए हैं।
तस्कर काले रंग की स्कॉर्पियों में एमआई रोड, जालूपुरा, पोलोविक्ट्री और गवर्मेंट हॉस्टल के आसपास घूम रही थी। एसओजी को सूचना मिली की कार में हथियार, हाथी दांत, शेर, बघेरे की खाल है। ये लोग उसे बेचने के लिए घूम रहे हैं। जिसके बाद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया। तस्करी के इस खेल से पर्दा उठाने के लिए एसओजी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।