बाड़मेर जेल में हत्या के आरोपी में बंद एक कैदी की बुधवार को संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। घटना से नाराज मृतक कैदी के परिजनों ने जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की गंभीरता से जांच करवाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार जिले के सनाउ गांव निवासी जयसिंह जमीनी विवाद को लेकर हत्या के आरोप में बाड़मेर जेल में बंद था। बुधवार को जेल के बैरक में बंद युवक की तबियत बिगड़ने से मौत हो गई। इससे जेल स्टाफ में हड़कंप मच गया। घटना से जेल में बंद अन्य कैदी भी दहशत में आ गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाया।
वहीं, एसडीएम समंदर सिंह भाटी ने जेल पहुंचकर जेलर और अन्य ड्यूटी स्टाफ से घटना की विस्तृत जानकारी ली। हालांकि, कैदी जय सिंह की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। उधर, इस हादसे से बाड़मेर जेल में सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं। जेल प्रशासन का कहना है कि कैदी को चिकन पॉक्स हो गया था, जिससे उसकी मौत हुई थी। वहीं, उसके परिजन जेल प्रशासन पर समय रहते उपचार नहीं करवाने का आरोप लगाने के साथ ही उसके विषाक्त पदार्थ खिलाने की आशंका जता रहे हैं। पुलिस मामले की जांच के लिए जेल में बंद अन्य कैदियों और ड्यूटी स्टाफ से पूछताछ कर रही है।
इधर, जय सिंह की मौत के बाद उसके परिजन धरने पर बैठे हैं। कई दौर की वार्ता फेल हो चुकी है। विधायक रविंद्र सिंह भाटी भी जेल के गेट पर धरने पर बैठ गए हैं। यहां महापड़ाव की रणनीति को लेकर विचार किया जा रहा है।