पाकिस्तान के लाहौर की मेहविश चूरू जिले के पीथिसर गांव पहुंची। मेहविश के गांव में पहुंचते ही हड़कंप मच गया। युवती की उम्र 25 साल बताई जा रही है। वहीं, प्रेमी युवक का नाम रहमान है। युवक फिलहाल कुवैत में काम करता है। रहमान पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। जिसके प्यार को पाने के लिए युवती यहां पर आई और ऑनलाइन निकाह कर लिया।
दो बच्चों का पिता रहमान, पत्नी से चल रहा विवाद
चूरू के रतन नगर थाना अंतर्गत गांव पिथिसर का रहने वाला रहमान कुवैत में ट्रांसपोर्ट का कार्य करता है। दो भाइयों में रहमान बड़ा है। उसका छोटा भाई सलीम गांव में ही रहता है, जो खेती-बाड़ी और परचून की दुकान चलाता है। रहमान का पिता अली शेर पशुपालक और खेती-बाड़ी करते हैं। रहमान की शादी साल 2011 में भादरा की फरीदा के साथ हुई थी। रहमान के दो बच्चे हैं। शादी के बाद रहमान की अपनी पत्नी से अनबन हो गई। फिलहाल फरीदा अपने पीहर भादरा में रह रही है।
2020 में रहमान से इमो पर हुई जान पहचान
मेहविश ने बताया कि जब वह अकेले जिंदगी बिता रही थी उस वक्त उसकी इमो पर चूरू के गांव पिथिसर निवासी रहमान (30) से जान पहचान हुई। दोनों मोबाइल पर बातें करने लगे और इनका प्यार परवान चढ़ने लगा। महविश ने अपने बहन और बहनोई से बातचीत कर रहमान को शादी के लिए प्रपोज कर दिया।
एसएचओ ने की गहनता से पूछताछ
ससुराल के लोग जब महविश को रतननगर थाने लेकर आए तब थानाधिकारी जयप्रकाश ने उससे गहनता से पूछताछ की। उसके पासपोर्ट और वीजा आदि दस्तावेजों की जांच की। पासपोर्ट में लगी फोटो देखकर थानाधिकारी ने कहा कि क्या यह फोटो तुम्हारी है। इस पर महविश ने जवाब दिया पाकिस्तान की सरकार झूठ नहीं बोलती यह फोटो मेरी है। उसने अपना मास्क उतारकर चेहरा दिखाया।