ग्रामीणों ने विधायक को तलवार भेंट की
- फोटो : अमर उजाला
सरकार द्वारा चलाए जा रहे गांव चलो अभियान के तहत अरवड़ गांव पहुंचे बनेड़ा विधायक लालाराम बैरवा ने बूथ अध्यक्ष कैलाश प्रजापत के निवास के बाहर रात्रि चौपाल के दौरान किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ किसानों व जनता को कैसे मिले, इसकी विस्तृत जानकारी दी। यहां पहुंचने पर ग्रामीणों ने विधायक बैरवा का सम्मान करते हुए उन्हें तलवार भेंट की।
इस दौरान उनके साथ कर्नाटक राज्यपाल के ओएसडी शंकरलाल गुर्जर, पूर्व प्रधान गोपाल गुर्जर, भाजपा नगर अध्यक्ष राजेंद्र बोहरा, महावीर सैनी, पूर्व उपप्रधान बजरंग सिंह राणावत, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अविनाश जीनगर, पंकज सुगंधी, प्रद्युमनसिंह बनेड़ा सहित अन्य व्यक्ति मौजूद थे।
विधायक बैरवा ने पिछले 10 सालों में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा किए गए कार्यों के बारे में जानकारी देते हुए व्यापक स्तर पर लोगों को फायदा मिलने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ प्रत्येक व्यक्ति को मिल सके इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर गांव चलो अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के सकारात्मक परिणाम आने की उम्मीद है।
विधायक लालाराम बैरवा ने पत्रकारों से कहा कि गांव चलो अभियान मील का पत्थर साबित होने वाला है। इस अभियान के तहत हमें विपक्ष के बड़े नेताओं के बूथ पर भी जाकर भाजपा की नीति को बढ़ाने का काम करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ के आम जनमानस को यह बताने की आवश्यकता है कि आजादी के बाद सनातन का रक्षक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में मिला है, जो कि सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास, सबका प्रयास के माध्यम से विकसित भारत के सपने को पूरा कर रहा है।
गांव चलो अभियान के तहत गांवों में जनता से 24 घंटे प्रवास के माध्यम से सीधे संपर्क हो सकेगा, जिससे जनता की समस्याओं को सीधे जानने को अवसर मिलेगा।