कर्ज चुकाने के लिए युवक ने किराना व्यापारी की हत्या की थी।
- फोटो : अमर उजाला
भीलवाड़ा के मंगरोप थाना क्षेत्र में दो दिन पहले किराना व्यापारी की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हत्या के आरोपी 19 वर्षीय राहुल रैगर को इंदौर से गिरफ्तार किया गया है। उसे गुरुवार को भीलवाड़ा लाया गया।
प्रांरभिक जानकारी के अनुसार कर्जे के रुपये और ब्याज चुकाने का इतना दबाव था कि आरोपी ने हत्या जैसे कृत्य को अंजाम दे दिया। उसने लूट के इरादे से किराना व्यापारी संजय पर चाकू से हमला किया था। हत्या के बाद राहुल घबरा गया था और बिना लूट किए ही भाग निकला था। चाकू लगने से घायल संजय की उपचार के दौरान मौत हुई थी। भीलवाड़ा की एएसपी ज्येष्ठी मैत्रेयी ने बताया कि 12 जुलाई की देर शाम मंगरोप के कांग्रेस नेता के पुत्र और किराना व्यापारी संजय की चलती कार में चाकू से वार कर हत्या कर भागे राहुल रैगर 19 पुत्र सोहनलाल रैगर निवासी मंगरोप को पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने चाकू मारना स्वीकार किया है।
40 हजार रुपये का कर्ज
राहुल ने बताया है कि उस पर करीब 40 हजार रुपये का कर्ज था। उसने दस रुपये सैकड़ा की रेट से कर्जा ले रखा था। कर्जा देने वाला इसका ब्याज मांग रहा था। राहुल ने 32 हजार रुपये का मोबाइल भी फाइनेंस पर ले रखा था, जिसकी किस्तें नहीं चुका पा रहा था। राहुल को विवाद के चलते दो महीने पहले आरसीएम से भी निकाल दिया गया था। राहुल ने बताया कि उसे हर महीने 10 तारीख तक ब्याज देना होता था लेकिन इस बार उसने कर्जदाता से बात कर के 15 जुलाई तक का समय मांगा। एएसपी ने बताया कि तीन साल पहले राहुल संजय की दुकान पर काम कर चुका था। ऐसे में उसे पता था कि राहुल दिनभर की दुकानदारी का कलेक्शन शाम को घर लेकर जाता है।