पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों को सामरिक महत्व की जानकारी देने के मामले में गिरफ्तार आरोपी को लेकर इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) की टीम सोमवार को राजस्थान के किशनगढ़ पहुंची। आईबी के अधिकारियों ने यहां करीब छह घंटे तक आरोपी यूनुस खान से पूछताछ की। उसके संपर्क में रहे लोगों से भी सवाल-जबाव किए गए। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मोहम्मद यूनुस पाकिस्तान बात करने के लिए लोगों को गुमराह कर सिम की व्यवस्था करता था।
गुमराह कर ले लिया था आधार कार्ड
पूछताछ में शामिल हुए किशना साहू पानीपूरी वाले ने इंटेलिजेंस के अधिकारियों को बताया कि आरोपी यूनुस ने उसे गुमराह कर उसका आधार कार्ड ले लिया और फिर सिम खरीद ली। आरोपी उसी सिम से पाकिस्तान के लोगों से बात करता था।
पैसे लेकर दे रहा था सूचना
पूछताछ में आरोपी यूनूस ने अधिकारियों को बताया कि वह लंबे समय से पाक एजेंसियों से संपर्क में था। वह पाक हैंडलिंग अफसरों को नसीराबाद स्थित आर्मी कैंप की गोपनीय सूचनाएं वाट्सएप, वाइस कॉल और वीडियो कॉल के जरिए देता था। वह इस काम के लिए पैसा ले रहा था।
मोबाइल और लैपटॉप जब्त
आईबी की टीम ने आरोपी का मोबाइल और लेपटॉप जब्त कर लिया है। मोबाइल में आर्मी कैंप के फोटो, वीडियो और आर्मी मूवमेंट की जानकारी पाक एजेंसियों को दी गई है। उसके बैंक खातों में भी पाक से पैसा ट्रांसफर किया गया है। कोर्ट से मिली रिमांड के आधार पर 23 फरवारी तक उससे पूछताछ की जाएगी।