कोरोना वायरस (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : PTI
कोरोना वायरस से देश में सबसे ज्यादा प्रभावित पांच राज्यों में से एक राजस्थान में कोरोना वायरस से शुक्रवार को दो और लोगों की मौत हो गई जिससे राज्य में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 182 हो गई है। वहीं 91 नए मामले सामने आने के बाद इस घातक वायरस से संक्रमित मरीजों की अब तक की कुल संख्या 8,158 पर पहुंच गई है।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य में शुक्रवार को कोरोना वायरस से जयपुर और झुंझुनू में एक-एक मरीज की मौत हुई है। इससे राज्य में मृतकों की कुल संख्या 182 हो गई है। केवल जयपुर में कोविड-19 से मरने वालों का आंकड़ा 86 हो गया है जबकि जोधपुर में 17 और कोटा में 16 रोगियों की मौत हो चुकी है।
अन्य राज्यों के आठ रोगियों की भी यहां मौत हुई है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि ज्यादातर मामलों में रोगी किसी न किसी अन्य गंभीर बीमारी से भी पीड़ित थे।
वहीं, राज्य में शुक्रवार सुबह 10 बजे तक संक्रमण के 91 नए मामले सामने आए। इनमें झालावाड़ में 42, नागौर तथा जयपुर में 12-12, चूरू में छह और उदयपुर तथा धौलपुर में पांच-पांच नए मामले शामिल हैं। राज्य में अब तक संक्रमितों की कुल संख्या 8,158 हो चुकी है।
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों में दो इतालवी नागरिकों के साथ 61 वे लोग भी शामिल हैं जिन्हें ईरान से लाकर जोधपुर तथा जैसलमेर में सेना के आरोग्य केंद्रों में ठहराया गया था। राज्यभर में 22 मार्च से लॉकडाउन है और कई थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा हुआ है।