हरियाणा के कांग्रेस नेता और आदमपुर से विधायक कुलदीप बिश्नोई को धमकी देने वाले युवक को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। एसटीएफ ने आरोपी को ट्रेस कर बीकानेर के गांव मोडायत में रहने वाले अशोक को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ आरोपी को हिसार कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लेगी।
जानकारी के अनुसार विधायक कुलदीप बिश्नोई और उनके पीए भूप सिंह ने आदमपुर थाना में धकमी देकर फिरौती मांगने का केस दर्ज करवाया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने विधायक और उनके पीए को व्हाट्सएप कॉल कर दो करोड़ रुपए की मांग की थी। पैसे नहीं देने पर विधायक कुलदीप और उनके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद हिसार पुलिस ने विधायक की सुरक्षा में छह जवान को तैनात किया था।
आरोपी अशोक ने मोबाइल एप्प से विदेशी नंबरों का प्रयोग कर धमकी भरे मैसेज और फोटो कुलदीप और उनके पीए को भेजे थे। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने सायबर टीम की मदद से अशोक के मोबाइल लोकेशन को ट्रेस किया और उसे बीकानेर के मोड़ायत से गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ आरोपी से पूछताछ कर धमकी देने का कारण जानने का प्रयास कर रही है।