जालोर की चितलवाना थाना पुलिस ने सोमवार को नाकाबंदी कर डोडा पोस्त की एक बड़ी खेप पकड़ी है। इस दौरान इनोवा कार सवार तस्कर धर्मा राम उर्फ धर्मेंद्र जाट पुत्र हरजी राम (29) निवासी बाड़मेर को गिरफ्तार किया है। इनोवा कार से 447. 650 किलो ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी से डोडा पोस्त खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
जालोर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाल ने बताया कि मादक पदार्थ की तस्करी के खिलाफ जिले में अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दशरथ सिंह, सीओ रूप सिंह इंद्रा और थानाधिकारी चितलवाना खम्मा राम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। सोमवार को थाना अधिकारी ने टीम के साथ नेशनल हाइवे पर चितलवाना से चारणीम फांटा पर नाकाबंदी की थी। इसी दौरान एक संदिग्ध इनोवा कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में कार से 447 किलो से अधिक डोडा पोस्त बरामद किया गया। तस्कर धर्मा राम उर्फ धर्मेंद्र को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।