राजस्थान की एक महिला पुलिस अधिकारी ने मोदी सरकार पर उसका आइडिया चुराने का आरोप लगाया है। महिला अधिकारी के अनुसार मोदी सरकार का चर्चित बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ नारा उन्हीं के दिमाग की उपज है, जिसे केंद्र सरकार ने पिछले साल राष्ट्रभर में बेटियों को बचाने और उन्हें पढ़ाने के लिए प्रचारित किया था।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार उदयपुर के एक महिला पुलिस थाने की एसएचओ चेतना भाटी ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर उसकी रचनात्मकता को मान्यता देने की मांग की है।
चेतना ने इस संबंध में पीएमओ को एक आरटीआई भेजकर जानकारी मांगी थी कि उन्होंने यह वाक्यांश कहां से लिया है, लेकिन उन्हें वहां से संतुष्ट करने वाला जवाब नहीं मिल सका। इतिहास और अंग्रेजी में पीजी डिग्री रखने वाली चेतना भाटी 20 साल पहले पुलिस में आने से पूर्व एक शिक्षिका थीं।