कलेक्ट्रेट पर हनुमान चालीसा का पाठ करते विश्व हिंदू परिषद के सदस्य
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के सवाई माधोपुर में विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मिलकर कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया। साथ ही वहां बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान उन्होंने कुछ विशेष लोगों के खिलाफ सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था खराब करने का आरोप भी लगाया।
विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि सवाई माधोपुर राजस्थान में आपसी सामाजिक सौहार्द के लिए जाना जाता है। लेकिन विशेष समाज के कुछ लोगों द्वारा सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था को बिगाड़ने के षडयंत्र रचे जा रहे हैं। इन लोगों को राजनीतिक शरण भी मिली हुई है, जिसका फायदा उठाकर कुछ लोगों द्वारा आए दिन अवैधानिक गतिविधियां भी की जा रही हैं। विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों ने बताया कि पिछले दिनों हरियाणा में हुई घटना को लेकर बजरंग दल ने सवाई माधोपुर में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया। लेकिन समाज विशेष के कुछ लोगों के दबाव में आकर पुलिस द्वारा बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को बेवजह ही परेशान किया जा रहा है।
कार्यकर्ताओं को खुलेआम जान से मारने की धमकी का आरोप
वीएचपी सदस्यों ने बताया कि समुदाय विशेष के लोगों द्वारा बजरंग दल के कार्यक्रताओं को खुलेआम जान से मारने की धमकी दी जा रही है। साथ ही आगामी सात अगस्त को निकाली जाने वाली कांवड़ यात्रा को नहीं निकालने की धमकी दी जा रही है। समुदाय विशेष के नेताओं द्वारा कांवड़ यात्रा को रोकने के लिए प्रशासन पर दबाव बनाया जा रहा है। विश्व हिंदू परिषद के कार्यक्रताओं ने सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था बिगड़ने वाले लोगों पर निष्पक्ष कार्रवाई करने, माहौल बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों को पाबंद करने की मांग की है। ज्ञापन देने के दौरान कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के सामने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया।