आम आदमी पार्टी के दिल्ली विजय फार्मूला पर अब राजस्थान की कांग्रेस सरकार भी चलने की पूरी तैयारी कर चुकी है। आम आदमी पार्टी के फ्री बिजली फार्मूला के चलते मिली जीत को लेकर राजस्थान में भी कांग्रेस इसी फॉर्मूले पर काम करने की तैयारी कर रही है, और उम्मीद लगा रही है कि यह बिजली इस साल होने वाले चुनाव में भाजपा को बड़ा झटका दे सकती है और कांग्रेस के लिए एक बार फिर से सत्ता का उजियारा बन सकती है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री गहलोत ने पहले 50 यूनिट बिजली फ्री कि थी, जिसका स्वागत होने के बाद गहलोत ने 2023 के बजट में 100 यूनिट को फ्री कर दिया और अब चुनाव आते-आते सूत्र बताते हैं कि 300 यूनिट फ्री करने की तैयारी कर रही है।
बिजली सत्ता का मार्ग प्रशस्त कर सकती है यह गहलोत सरकार भी मानती है। शायद इसलिए एक खाका तैयार कर रही है मुफ्त बिजली सेवा प्रदान करने का। राज्य सरकार ने पहले 50 यूनिट बिजली फ्री की थी, इसे बढ़ाकर अब 100 किया जा रहा है। राज्य सरकार की तैयारी का प्रमाण सीएम अशोक गहलोत के सबसे खास मंत्री और स्वायत्त प्रशासन एवं नगरीय विकास और संसदीय कार्य मंत्री शांति धारीवाल का बयान है।
मंत्री इन दिनों कोटा दौरे पर आए हैं और वह राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद शुरू हुए हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत वार्ड-वार्ड पैदल यात्रा कर रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने कोटा सकतपुरा इलाके में शनिवार रात को एक आयोजन के दौरान फ्री बिजली पर बयान दिया। जिसमें उन्होंने कहा कि राज्य सरकार फ्री बिजली का कोटा बढ़ाकर 300 करने जा रही है।