अखिल राजस्थान राज्य संयुक्त कर्मचारी महासंघ एकीकृत की प्रांतीय बैठक आयोजित।
- फोटो : अमर उजाला
कर्मचारी महासंघ एकीकृत की प्रदेश कमिटी की बैठक रविवार को जयपुर मेडिकल एसोसिएशन ऑडिटोरियम में हुई। कर्मचारी महासंघ के प्रदेश प्रमुख महेंद्र सिंह चौधरी के नेतृत्व में हुई बैठक में महासंघ के 45 सम्बद्ध संगठनों के प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी जिला अध्यक्षों ने भाग लिया।
महासंघ के प्रदेश महामंत्री विपिन प्रकाश शर्मा ने बताया कि 15 सूत्री मांग पत्र अगर सरकार बजट में पूरा नहीं करती है, तो 12 फरवरी को कोर कमेटी बैठक बुलाई जाएगी। जिसमें कर्मचारी महासंघ फरवरी में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगा।
बजट में मांग पूरी नहीं हुई तो लाखों कर्मचारी जयपुर कूच करेंगे
महासंघ प्रमुख महेंद्र सिंह ने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि वह कर्मचारी महासंघ से हुई वार्ता के मुताबिक मांग पत्र को बजट में पूरा करना सुनिश्चित करे, वरना प्रदेश के लाखों कर्मचारी बजट के बाद आंदोलन के लिए मजबूर होंगे अरबजयपुर के लिए कूच करेंगे।
यह प्रमुख मांगे पूरी नहीं हुई, तो जयपुर में होगी रैली
महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र राना ने कहा- संविदा और निविदा कर्मचारीयों को नियमित करने, वेतन विसंगति दूर करने, 3 के स्थान पर 4 एसीपी परिलाभ देने, पेंशन की न्यूनतम आयु 20 वर्ष करने, महिलाओं के लिए माहवारी अवकाश शुरु करने, विभिन्न कर्मचारियों के पदनाम परिवर्तन करने, प्रबोधक पदोन्नति, शिक्षा सेवा नियम समीक्षा, नर्सिंग छात्रों के स्ट्राई फंड को बढ़ाने जैसी ज्वलंत मांगों पर सरकार अगर बजट में प्रावधान नहीं करती है, तो फरवरी में जयपुर मे विशाल रैली की जाएगी। महासंघ के संरक्षक सियाराम शर्मा ने कहा-सरकार कर्मचारियों के धैर्य की परीक्षा ना ले, वरना परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें।