धौलपुर जिले में विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को चार नामांकन दाखिल किए गए हैं। धौलपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के डॉक्टर शिवचरण कुशवाहा एवं बहुजन समाज पार्टी के रितेश शर्मा ने नामांकन दाखिल किया। वहीं, बाड़ी विधानसभा क्षेत्र से विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा ने कांग्रेस एवं एक आवेदन निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर निर्वाचन अधिकारी के समक्ष दाखिल किया है। बाड़ी विधानसभा क्षेत्र से आरएलपी की दावेदार रंभो देवी गुर्जर ने भी नामांकन दाखिल किया है।
वर्तमान समय में जिले की सियासत में बाड़ी विधानसभा क्षेत्र की सीट सबसे अधिक राजनीतिक चर्चा का विषय बन गई है। वर्तमान विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा की टिकट पर गफलत बनी हुई है। पांचवीं सूची में भी लगातार तीन बार चुनाव जीत चुके विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा का नाम नहीं आने से उनके समर्थकों में हताशा देखी जा रही है।
सोशल मीडिया के माध्यम से गिर्राज सिंह मलिंगा की बीजेपी में शामिल होने की खबरें तेजी से वायरल हो रही थीं, लेकिन गिर्राज सिंह मलिंगा ने फेसबुक एवं ट्विटर पर पोस्ट कर बीजेपी में शामिल होने की खबरों का खंडन कर दिया।
नामांकन दाखिल करते समय गिर्राज सिंह मलिंगा ने मीडिया से रूबरू होकर कांग्रेस से टिकट मिलने की संभावना जताई है। उन्होंने कहा कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेताओं ने टिकट को लेकर उन्हें आस्वस्थ किया है। मलिंगा ने बताया पार्टी के द्वारा उनको ही टिकट का सिंबल दिया जाएगा।
धौलपुर से डॉक्टर शिवचरण कुशवाहा एवं रितेश शर्मा ने भरा पर्चा
धौलपुर विधानसभा सीट पर भाजपा से डॉक्टर शिवचरण कुशवाहा एवं बहुजन समाज पार्टी से पूर्व सभापति रितेश शर्मा ने नामांकन दाखिल किया है। धौलपुर सीट जिले की सियासत में सबसे हॉट बन गई है। जीजा डॉक्टर शिवचरण कुशवाह एवं साली शोभा रानी कुशवाहा की टक्कर के बीच बहुजन समाज पार्टी के रितेश शर्मा ने मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है।